रामगंजमंडी में ठगी का नया ट्विस्ट: बैंक ही बन गया शिकार!, दूसरी ठगी: छात्रा का मेकअप पड़ा 25 हज़ार का


रामगंजमंडी। शाकिर खान
ठगी के मामले अक्सर आम आदमी या दुकानदारों तक सीमित रहते हैं, लेकिन इस बार ठग ने सीधे बैंक को ही शिकार बना डाला। घटना में कैफ्री बैंक को 1 लाख 80 हज़ार रुपये का चूना लगा दिया गया।

सातलखेड़ी निवासी विजय बनकर एक ठग ने बैंक मैनेजर से संपर्क किया और झांसा दिया कि उसका सोना मुथूट बैंक में गिरवी है, लेकिन ब्याज ज्यादा होने से वह लोन कैफ्री बैंक में शिफ्ट करना चाहता है। पहले 1.80 लाख रुपये देकर सोना छुड़वाने की बात कही। मैनेजर और कर्मचारी उसके साथ पैसे लेकर मुथूट बैंक पहुँचे। ठग पैसे लेकर अंदर गया और बाहर आकर बोला—“10 मिनट में आता हूँ, मेरा साथी यहीं है।” लेकिन देखते-देखते दोनों ठग रफूचक्कर हो गए और बैंक कर्मचारी हाथ मलते रह गए। यह पहला मामला है जिसमें ठग ने बैंक को ही ‘ग्राहक’ बना दिया।

दूसरी ठगी: छात्रा का मेकअप पड़ा 25 हज़ार का
खैराबाद की एक छात्रा ऑनलाइन शॉपिंग ठगी का शिकार हो गई। उसने मिशो ऐप से 400 और 700 रुपये का मेकअप ऑर्डर किया। तभी कॉल आया—“मैं डिलीवरी बॉय बोल रहा हूँ, आपका सामान क्लियर नहीं हो रहा।” छात्रा से पहले 400 और 700 रुपये डलवाए, जिन्हें तुरंत वापस भी कर दिया ताकि भरोसा जीत लिया जाए। इसके बाद ठग ने कहा—“अब बस एक आखिरी दिक्कत है, ये 5 अंकों का नंबर डाल दो।” जैसे ही छात्रा ने नंबर डाला, खाते से 25 हज़ार रुपये उड़ गए। हालांकि गनीमत रही कि अकाउंट में बाकी जमा 1.30 लाख रुपये सुरक्षित बच गए।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post