चौमहला/झालावाड़। जिले के चौमहला रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात दाऊदी बोहरा समाज के लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। अवसर था समाज के 53वें धर्मगुरु डॉ. सैयदना आली कदर मुफद्दल सैफुद्दीन साहेब के दीदार का। धर्मगुरु जयपुर–मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन से मुंबई की ओर रवाना हो रहे थे। उनके लिए ट्रेन का अंतिम कोच विशेष रूप से आरक्षित किया गया था। कोच की बड़ी कांच लगी खिड़की से उन्होंने समाजजनों को दर्शन दिए। ट्रेन के आगमन से पहले ही चौमहला, डग और गंगधार क्षेत्र से बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं स्टेशन पर पहुंच गए थे। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर आई, वातावरण “मौला मौला” की जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर दाऊदी बोहरा समाज चौमहला के सदर सादिक अली, गंगधार सदर हुसैनी भाई, मकसूद अली बोहरा, गुलजार अली, अकबर अली, अजगर अली, सैफुद्दीन बोहरा, कुतुब अली, मोम्मदी बोहरा, सैफुद्दीन मगरा वाला, फखरी बोहरा, आबिद अली बोहरा सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
Post a Comment