भैसोदामंडी: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 में नवरात्र महोत्सव की भव्यता चरम पर दिखाई दी। इस अवसर पर भानपुरा ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह हाड़ा ने माता दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष विधिविधान से आरती कर पूजा-अर्चना की। आरती के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण किया गया। गरबा पंडाल में दीपों की जगमगाहट और ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्तों ने गरबे की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु नाचते-गाते हुए माता की आराधना में लीन नजर आए।
बालाजी नव दुर्गा गरबा मंडल के रोशन सुमन ने बताया कि यह आयोजन वर्षों से परंपरागत रूप से होता आ रहा है। हर साल बड़ी संख्या में लोग गरबे में शामिल होते हैं। परंपरा के अनुसार नवमी के दिन भव्य महाभण्डारे का आयोजन होगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
इस मौके पर रामेश्वर मेड़तवाल, पवन ललावत, आकर्ष जैन, बालमुकुंद पाटीदार, महेश नाथ, अरविंद मेहर, पार्षद महेश गहलोत सहित सैकड़ों भक्तगण मौजूद रहे और माता रानी के दरबार में हर्षोल्लास का माहौल बना रहा।

Post a Comment