चौमहला: घट स्थापना के साथ दस दिवसीय शारदीय नवरात्रि महोत्सव का आरंभ हो गया है। अम्बा माता मंदिर सहित नगरभर में विशेष पूजन-अर्चना और अखंड ज्योत प्रज्वलित कर श्रद्धालु देवी की आराधना में लीन हैं। विद्वान आचार्यों ने बताया कि इस वर्ष माता रानी हाथी पर सवार होकर विराजीं हैं, जिसका विशेष महत्व है। हाथी की सवारी सुख-समृद्धि और व्यापार वृद्धि का प्रतीक मानी जाती है। साथ ही, इस बार नवरात्रि दस दिनों की होगी, जिससे श्रद्धालुओं को देवी आराधना का एक दिन अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
नगर के विभिन्न गरबा मंडलों — हरि ॐ हरिहर नवदुर्गा मंडल, श्री रविदास गंगा मंदिर, जय माता दी गरबा मंडल (नई आबादी) सहित आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं। यहां प्रतिदिन गरबा-डांडिया की धूम रहेगी और देर रात तक भजन संध्याएँ, सुंदरकांड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
श्रद्धा और भक्ति से सराबोर नगरवासी देवी दुर्गा से परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना कर रहे हैं।



Post a Comment