भानपुरा: नगर के विकास को नई दिशा देने वाले महत्वपूर्ण कार्यों की श्रृंखला में भानपुरा नगर को एक और बड़ी सौगात मिली है। शनिवार को नगर में प्रस्तावित नवीन नगर परिषद कार्यालय एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य का भूमिपूजन क्षेत्रीय विधायक चंदरसिंह सिसोदिया के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विधायक सिसोदिया ने कहा कि नगर परिषद का आधुनिक भवन बनने से न केवल नागरिकों को सुविधाओं का लाभ मिलेगा, बल्कि नगर का स्वरूप भी सुदृढ़ और व्यवस्थित होगा। उन्होंने बताया कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण से स्थानीय व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा आमजन को आवश्यक वस्तुएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि छोटे नगरों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए, जिसके तहत भानपुरा नगर को यह नई सौगात प्रदान की जा रही है। भूमिपूजन अवसर पर नगर परिषद पदाधिकारियों, पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों ने विधायक सिसोदिया का स्वागत किया एवं नगर के निरंतर विकास हेतु आभार व्यक्त किया।

Post a Comment