भवानीमंडी: श्री अग्रवाल समाज समिति एवं श्री अग्रसेन नवयुवक मंडल के तत्वावधान में पाँच दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत बंड्या बाग मंदिर स्थित श्री अग्रसेन महाराज की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात अग्रवाल धर्मशाला में हवन एवं पूजन का आयोजन किया गया। दोपहर 3 बजे शोभायात्रा महाराजा अग्रसेन भवन से निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
बड़ी संख्या में समाजजन, महिला-पुरुष और बच्चे शोभायात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह समाजजनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। महिलाओं द्वारा डांडिया रास नृत्य भी प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। महोत्सव के अंतर्गत आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पारितोषिक प्रदान किए गए। इस बार समाज ने प्रोत्साहन पुरस्कार की भी शुरुआत की, जिसके अंतर्गत उन प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया जिनका चयन प्रथम या द्वितीय स्थान पर नहीं हो पाया। यह पहल समाज को जोड़ने का विशेष प्रयास साबित हुई। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक प्रसादी ग्रहण की। अंत में अध्यक्ष राजकुमार बगड़िया ने सभी का आभार व्यक्त किया। उपरोक्त जानकारी समाज के श्री अग्रसेन नवयुवक मंडल अध्यक्ष सौरभ बंसल द्वारा दी गई।


Post a Comment