चौमहला में नवरात्रि महोत्सव की धूम: मां शक्ति की आराधना में लीन श्रद्धालु, आरती और गरबा बने आकर्षण का केंद्र

चौमहला: कस्बे में नवरात्रि महोत्सव पूरे भक्ति भाव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शाम ढलते ही गलियों और पंडालों से डांडिया की मधुर खनक सुनाई देने लगती है। महिलाएं, पुरुष और बालिकाएं सभी माता रानी की भक्ति में लीन होकर गरबा और डांडिया नृत्य में शामिल हो रहे हैं। श्री अम्बे माता मंदिर में प्रतिदिन होने वाली शाम की महाआरती श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। आरती के बाद महा प्रसादी का वितरण किया जाता है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ ले रहे हैं। दिन-ब-दिन श्रद्धालुओं की भीड़ में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। गरबा पंडालों में प्रतिदिन भक्तजनों के लिए आकर्षक और मनमोहक प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। सामाजिक संस्थाएं और विद्यालय परिवार भी अपने-अपने स्तर पर गरबा पंडालों में प्रस्तुतियां देकर माहौल को और अधिक उत्सवी बना रहे हैं। इसी क्रम में बीती रात श्री रविदास नवयुवक गरबा मंडल के पंडाल में मुन्नी देवी आदर्श विद्या मंदिर द्वारा चित्ताकर्षक झांकियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इससे पूर्व राजमाता विजयराजे सिंधिया स्कूल तथा श्री नवदुर्गा मंडल आक्या का खेड़ा के नवयुवकों द्वारा भी शानदार डांडिया नृत्य की प्रस्तुति दी गई थी।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post