ट्रैक्टर-फाइनेंस गैंग का खुलासा: गांव के गरीबों को बना रहे थे मोहरा, 1 महिला समेत 14 गिरफ्तार
झालावाड़।
जिले में लंबे समय से सक्रिय संगठित अपराधी गिरोह पर पुलिस ने करारी चोट की है। एसपी झालावाड़ अमित कुमार के निर्देशन और एएसपी चिरंजीलाल मीणा तथा डीएसपी हर्षराज सिंह की अगुवाई में गठित विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना समेत 14 आरोपियों को दबोच लिया।
क्या था गिरोह का खेल?
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गैंग लीडर हेमराज सुमन अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी ट्रैक्टर व वाहन फाइनेंस करवाते थे और फिर कुछ समय बाद उन्हें खोटे दस्तावेज़ों के सहारे चोरी दर्ज करवा देते। इसके बाद बीमा कंपनियों से मोटी रकम हड़प लेते। इतना ही नहीं, ये लोग गांव के गरीब मजदूरों को अपने गिरोह में शामिल कर उनकी जमीनों पर फर्जी फाइनेंस करवाते, ट्रैक्टर गायब दिखाते और फिर बीमा राशि निकालकर आपस में बांटते।
जांच में सामने आए संगीन सबूत
छापों में पुलिस को आरोपियों के घरों और मोबाइल से नकली कागज़ात, फर्जी ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन, लोन डॉक्यूमेंट्स, बड़ी मात्रा में वाहन व हथियारों के कागजात, नकली बीमा फाइलें बरामद हुईं।
कई जिलों में फैला नेटवर्क
पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि यह गिरोह झालावाड़, बारां, कोटा, उज्जैन समेत राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई जिलों में सक्रिय था। गिरोह के खिलाफ पहले से ही 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए आरोपियों में गैंग लीडर हेमराज सुमन सहित 1 महिला और 13 पुरुष शामिल हैं। इन पर धारा 111(3)(4)(5)(6), 318(4), 316(2), 338, 336(3), 340(2), 308(6) BNS के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।
“गिरोह ने सुनियोजित तरीके से आम जनता को ठगने, बीमा कंपनियों को चूना लगाने और अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने का काम किया। इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अन्य जिलों से भी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड जुटाए जा रहे हैं।”
अमित कुमार, एसपी झालावाड़
Post a Comment