जगदीश पोरवाल | भवानीमंडी: दीपावली से पहले नए नोटों की मांग इस कदर बढ़ी कि लोगों को नोटबंदी जैसे दिन याद आ गए। बुधवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की भवानीमंडी शाखा के बाहर ₹10 के नोट की फ्रेश गड्डी पाने के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं।
करीब 150 से अधिक पुरुषों और 40 महिलाओं ने बैंक खुलने से पहले ही लाइन में अपनी जगह बना ली। बैंक के बाहर सड़क तक फैली कतार को देखकर आने-जाने वाले लोग हैरान रह गए। हर कोई यही कहता नजर आया — "देखो, सिर्फ ₹10 के नोट की गड्डी के लिए इतनी भीड़!"
नोटबंदी जैसे हालात फिर नजर आए
बैंक के बाहर लगी यह भीड़ देखकर वर्ष 2016 की नोटबंदी की यादें ताज़ा हो गईं, जब पुराने ₹500 और ₹1000 के नोट बदलवाने के लिए इसी तरह बैंकों के बाहर लंबी कतारें लगती थी। बुधवार का नजारा बिल्कुल वैसा ही था। बस फर्क इतना था कि इस बार लोग नए नोट पाने के लिए उतावले थे, पुराने नोट बदलवाने के लिए नहीं।
लक्ष्मी पूजन में नए नोटों का महत्व
दीपावली पर लक्ष्मी पूजन के दौरान सोना-चांदी के साथ-साथ नई नोटों की गड्डी रखने की परंपरा है। लोगों का मानना है कि इससे घर में मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। इसी मान्यता के चलते लोग हर साल त्योहारी सीजन में नई गड्डियों की तलाश करते हैं। हालांकि ₹50, ₹100, ₹200 या ₹500 की गड्डियां कुछ हद तक मिल जाती हैं, लेकिन ₹10 के नोट की नई गड्डी सबसे मुश्किल से मिलती है। अल्प आय वर्ग के लोग इसे सबसे ज़्यादा प्राथमिकता देते हैं। यही वजह रही कि आज SBI के बाहर इतनी लंबी लाइनें देखने को मिलीं।
शादी-विवाह में भी बढ़ती मांग
₹10 के फ्रेश नोटों की मांग सिर्फ दीपावली तक सीमित नहीं है। शादी-विवाह में शगुन और नेग देने में भी इनका खूब इस्तेमाल होता है। यदि 10 के नोट नहीं मिलते, तो 20 या 50 रुपये के नोट देने से बजट पर असर पड़ता है, इसलिए लोग 10 के नोट की गड्डी पाने के लिए हर संभव कोशिश करते हैं।
ब्लैक में भी चल रही खरीद-फरोख्त
सूत्रों के अनुसार, जिन घरों में शादी या कार्यक्रम तय हैं, वहां ₹10 के नोट की गड्डी 200 से 300 रुपये अतिरिक्त देकर ब्लैक में खरीदी जाती है। इस कारण बैंक से सीधे गड्डी पाने की होड़ और तेज हो जाती है।
पुलिस रही सतर्क
बैंक के बाहर भीड़ बढ़ने पर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते रहे और बैंक के बाहर जीप से निगरानी की जाती रही। हालांकि लंबी कतारों और भीड़ के बावजूद किसी प्रकार का विवाद या अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।



Post a Comment