भवानीमंडी: सिटी पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए स्पाई कैमरा अभियान के तहत स्मैक की पुड़िया बेचने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाने के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग करवाई थी। थाना अधिकारी रमेशचंद मीणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग वाणिज्यिक मात्रा में मादक पदार्थ खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर युवाओं को बेच रहे हैं। इस पर मुखबिर की मदद से स्मैक की खरीदारी की वीडियो रिकॉर्डिंग तैयार की गई, जिसे सबूत के रूप में पेश किया गया। इसके बाद थाना अधिकारी की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई करते हुए कंगलीपुरा दरगाह मोहल्ला, भवानीमंडी निवासी दो सगे भाई — इम्तियाज पिता चांद मोहम्मद और गुड्डू उर्फ फिरोज पिता चांद मोहम्मद को दबोचा। तलाशी में दोनों के पास से 1 ग्राम 24 मिलीग्राम स्मैक (8 पुड़िया) बरामद की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, इम्तियाज पर अब तक 5 मुकदमे एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के दर्ज हैं, जबकि उसका भाई गुड्डू उर्फ फिरोज 23 मामलों में पहले से आरोपी है। वृत्ताधिकारी प्रेम कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह तकनीकी साक्ष्यों पर आधारित थी। स्पाई कैमरे से जुटाए गए वीडियो सबूतों के कारण आरोपी पकड़ में आए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों भाई लंबे समय से स्थानीय स्तर पर नशे का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की सप्लाई कहां से होती थी और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस टीम में शामिल रहे अधिकारी
रमेशचंद मीणा (थाना अधिकारी), सुखदेव (सूचना अधिकारी), तेजेन्द्र सिंह, विकास, महेश कुमार, चुरामन व हरिराम (सभी कॉन्स्टेबल, थाना भवानीमंडी)
Post a Comment