साहिब श्री गुरु तेग बहादुर महाराज के 350वें शहीदी वर्ष पर ऐतिहासिक यात्रा का भव्य स्वागत

भैसोदामंडी: सिखों के नौवें गुरु साहिब श्री गुरु तेग बहादुर महाराज के 350वें शहीदी वर्ष के उपलक्ष्य में निकली ऐतिहासिक यात्रा का नगर के समीप सातलखेड़ी गांव स्थित 8-लेन दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर देर रात भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के तत्वावधान में गुरुद्वारा श्री धुबरी साहिब (असम) से श्री आनंदपुर साहिब (पंजाब) तक निकाली गई है। यह यात्रा गुरु तेग बहादुर के बलिदान और उनके साथ शहीद हुए सिख वीरों की स्मृति में निकाली जा रही है। 1675 में मुगल सम्राट औरंगजेब के अत्याचारों के विरोध में गुरु ने कश्मीरी पंडितों के धर्म की रक्षा हेतु स्वयं बलिदान दिया। दिल्ली के चांदनी चौक में 11 नवम्बर 1675 को दी गई उनकी शहादत धार्मिक स्वतंत्रता और मानवता की रक्षा का प्रतीक बन गई। रात्रि में जब यात्रा पहुंची, तब श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज पालकी साहिब में विराजमान थे। पंज प्यारे साहिबान की अगुवाई में यात्रा नगाड़ों की गूंज, शब्द कीर्तन और जयकारों के साथ आगे बढ़ती रही। देर रात होने के बावजूद संगत में जोश और श्रद्धा का माहौल देखने योग्य था। स्वागत समारोह में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार प्रीतपाल सिंह तथा पूर्व प्रधान एवं संरक्षक सरदार दर्शन सिंह ने पंज प्यारे साहिबान का माला और सिरोपा पहनाकर सम्मान किया।

संगत के लिए विशेष लंगर सेवा और व्यवस्थाएं

यात्रा में शामिल संगत और श्रद्धालुओं के लिए 8-लेन पर ही नाश्ते और लंगर की सेवा का विशेष प्रबंध किया गया था सातलखेड़ी गांव के स्कूल से 8-लेन तक मार्ग को साफ-सुथरा कर विशेष रूप से तैयार किया गया था, वहीं संगत की सुविधा के लिए गुरुद्वारा साहिब से बस सेवा भी चलाई गई। यात्रा की तैयारियों में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार प्रीतपाल सिंह, सचिव अमनदीप सिंह, उपाध्यक्ष वीरेंद्रपाल सिंह, कुलवंत सिंह, हरपाल सिंह सहित सातलखेड़ी गांव के गोरधन सिंह, कमल सिंह और अन्य ग्रामीणों का सहयोग उल्लेखनीय रहा। स्वागत के पश्चात यह ऐतिहासिक यात्रा रामगंजमंडी होते हुए कोटा की ओर रवाना हुई। संगत ने गुरु तेग बहादुर और उनके साथ शहीद हुए सिख वीरों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए इस अमर यात्रा में सहभागिता की।


0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post