“हमारा संसार उजड़ गया, किसी और का नहीं उजड़े”- मृतक शिवांश की मां की गुहार, अग्रवाल समाज ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

चौमहला: कस्बे के अग्रवाल समाज एवं मृतक शिवांश अग्रवाल के परिजनों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर जयपुर में हुए सड़क हादसे के दोषियों पर सख्त कार्यवाही की मांग की है। ज्ञापन देने पहुंची मृतक की मां नीतू अग्रवाल ने भावुक स्वर में कहा —

हमारा संसार उजड़ गया है, कोई और मां ऐसी पीड़ा न सहे। जिसने मेरे बेटे शिवांश को टक्कर मारकर उसकी जान ली, उन दोषियों को सख्त सज़ा मिलनी चाहिए। जयपुर पुलिस अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं कर रही है।

अग्रवाल समाज के वरिष्ठ सदस्य अरविंद अग्रवाल ने बताया कि समाज के पुरुष, महिलाएं, युवा वर्ग और श्रीनाथ मित्र मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री, गृहमंत्री व जयपुर पुलिस महानिदेशक के नाम उपखंड अधिकारी चौमहला को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि चौमहला निवासी विरेंद्र अग्रवाल के पुत्र स्व. शिवांश अग्रवाल (उम्र 21 वर्ष) की 23 सितंबर को जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र (वधानी इलाके) में कॉलेज जाते समय एक थार वाहन चालक व उसके साथियों द्वारा तेज रफ्तार में स्टंट करते हुए टक्कर मारने से मौके पर ही मौत हो गई थी।हालांकि घटना की रिपोर्ट शिवदासपुरा थाने में दर्ज की जा चुकी है, लेकिन स्थानीय पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले को दबाने व गुमराह करने का प्रयास कर रही है, साथ ही घटनास्थल के साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की गई। अग्रवाल समाज ने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post