चौमहला: ग्राम पंचायत चौमहला में दशहरे का पर्व इस बार खासा भव्य रहा। रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच 45 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। चंद मिनटों में धू-धू कर जलते रावण के साथ अहंकार और बुराई का प्रतीक खत्म हो गया और उपस्थित जनसमूह ने सत्य की जीत का जयघोष किया। शाम 5 बजे नीचे मंडी मंदिर से भगवान श्रीराम-लक्ष्मण की सवारी बैंड-बाजों के साथ निकली, जो नगर भ्रमण कर रावण दहन स्थल पर पहुंची।
यहां भगवान राम ने मर्यादा के अनुरूप रावण की नाभि पर तीर मारकर उसका वध किया और तत्पश्चात रावण दहन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। मुख्य कार्यक्रम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगधार प्रांगण में शाम 7 बजे हुआ।
इससे पहले बच्चों और बालिकाओं के लिए दौड़, तीन टांग दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और विजेताओं को मौके पर ही पुरस्कार दिए गए। उसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और आकर्षक आतिशबाजी हुई, जिसने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। रावण दहन देखने के लिए हजारों लोग एकत्र हुए। भीड़ के बीच व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सराहनीय सहयोग दिया।



Post a Comment