रमेश मोदी | चौमहला: शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सप्तमी तिथि को सार्वजनिक गरबा मंडल द्वारा पारंपरिक कन्या पूजन का आयोजन गरबा पंडाल में बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। सनातन परंपरा के अनुसार कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन, चरण पखारना और सम्मान किया गया। इस वर्ष का आयोजन कस्बे के समाजसेवी नवनीत गोयल द्वारा उनकी स्व. पत्नी मृदुला गोयल की स्मृति में किया गया।
500 से अधिक कन्याओं का पूजन व सामूहिक भोज
कस्बे के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों की करीब 500 से अधिक कन्याओं एवं बालिकाओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। कन्याओं को माता जी की चुनरी ओढ़ाई गई, तिलक कर चरण पूजन किया गया और सामूहिक समरसता भोज में उन्हें पूड़ी, हलवा, खीर, सब्जी व पकौड़ी का प्रसाद परोसा गया। भोजन के पश्चात कन्याओं को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया।
आयोजन में भरा उत्साह, सम्मानित हुआ परिवार
पूजन कार्यक्रम के बाद आयोजक परिवार का माल्यार्पण एवं साफा बांधकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष गौतम ओसवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष नारायण अग्रवाल, सरपंच प्रतिनिधि अशोक भंडारी, दौलतराम माली, राकेश जैन, समाजसेवी भामाशाह ज्ञानचंद मावावाला सहित सार्वजनिक गरबा मंडल के सभी पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। मंच का संचालन रवि मालवीय ने किया।


Post a Comment