भीलवाड़ी में नवरात्रि महोत्सव का भव्य समापन, ललिता देवी आश्रम व मंशापूर्ण बालाजी मंदिर में गूंजे जयकारे

भीलवाड़ी: नवरात्रि महोत्सव का नौ दिवसीय अनुष्ठान भीलवाड़ी में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। गांव का वातावरण पूरे नौ दिनों तक धार्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा और हर ओर देवी मां के जयकारे गूंजते रहे। श्री ललिता देवी संत आश्रम पर पूरे नौ दिनों तक रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और देवी आराधना का आयोजन हुआ। समापन अवसर पर सामूहिक हवन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुति देकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया।

परंपरा अनुसार सबसे पहले कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया और सम्मानित किया गया। हवन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

मंशापूर्ण बालाजी मंदिर पर भक्तिमय वातावरण

इसी प्रकार गांव के मंशापूर्ण बालाजी मंदिर में भी नौ दिनों तक रामायण पाठ और हवन का आयोजन हुआ। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में भक्त यहां पहुंचकर आरती व भजन-कीर्तन में शामिल हुए। मंदिर परिसर में पूरे समय धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। गांववासियों ने बताया कि इन धार्मिक आयोजनों से पूरे गांव का वातावरण सकारात्मक और पावन बना रहा। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने समान रूप से इसमें सहभागिता की।

समापन के अवसर पर गांवभर में दीप जलाए गए और हर ओर देवी मां की भक्ति में लीन श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।


0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post