पुलिस के अनुसार, गैंग के सदस्य फाइनेंस पर ट्रैक्टर दिलवाकर उन्हें खुर्दबुर्द करते, झूठे चोरी के मामले दर्ज करवाते और महिलाओं के माध्यम से हनीट्रैप के जरिए व्यापारियों से लाखों रुपये वसूलते थे। इस गैंग में 10 से अधिक महिलाएं सक्रिय पाई गई हैं, जिनके खिलाफ कई झूठे बलात्कार, छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि हाल ही में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा हेमराज सुमन हिस्ट्रीशीटर सारोला की गैंग से जुड़े 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिए जाने के बाद, गहन पूछताछ में गैंग की संगठित गतिविधियों का खुलासा हुआ।
वाहन खुर्दबुर्द प्रकरण में सुनील माली, गोलू बंजारा, प्रदीप धाकड़ को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर तीन लग्जरी कारें भी बरामद की हैं। जांच में सामने आया है कि गैंग लीडर हेमराज सुमन और उसके साथी महिला सदस्यों को पुलिस ड्रेस पहनाकर लोगों को धमकाते, झूठे हनीट्रैप केस दर्ज करवाते और बड़ी रकम वसूलते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन किया गया है। यह टीम एएसपी चिरंजीलाल मीणा के निर्देशन और डीएसपी हर्षराज सिंह खरेड़ा की देखरेख में कार्य कर रही है। थाना कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार मीणा और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में गैंग की अन्य गतिविधियों से जुड़े और भी सनसनीखेज खुलासे हो सकते हैं।

Post a Comment