भानपुरा: दीपावली पर्व की तैयारियों के बीच विधायक चन्द्र सिंह सिसोदिया शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र भानपुरा पहुँचे। यहाँ स्थित विधायक कार्यालय में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, किसानों और नागरिकों से मुलाकात कर दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा त्योहारी हाल-चाल जाना।
इसके पश्चात विधायक सिसोदिया अपनी मित्रमंडली के साथ बाजार में दीपावली की खरीदारी करने पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘स्वदेशी अपनाओ, विदेशी भगाओ’ को आत्मसात करते हुए ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को मजबूत किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय फुटकर दुकानदारों से हाथ से बने मिट्टी के दीपक, कलश और गौमाता के लिए हथकरघा से बने सामान खरीदे।
विधायक सिसोदिया ने फटाका बाजार पहुंचकर चाइनीज पटाखे नहीं बेचने की अपील की और लोगों को इको-फ्रेंडली फटाखे खरीदने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना ही सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर भारत का संकल्प है। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद तहसीलदार विनोद शर्मा और थानाधिकारी रमेश दांगी को त्योहारी भीड़ के मद्देनजर व्यवस्थाओं और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए।


Post a Comment