स्वर्णकार समाज ने अजमीढ़ जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया

चौमहला: कस्बे में सोमवार को श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज द्वारा समाज के पितृ पुरुष महाराजा अजमीढ़ जी की जयंती बड़े ही श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे भगवान सत्यनारायण मंदिर से हुई, जहां समाजजनों ने सामूहिक रूप से भगवान सत्यनारायण की आरती कर पूजा-अर्चना की। तत्पश्चात महाराजा अजमीढ़ जी की आरती की गई एवं कलश बोली लगाई गई, जिसका लाभ कैलाशचंद्र सोनी ने लिया।

इसके बाद भव्य शोभायात्रा नगर के नीचे मंडी, झंडा चौक, पंचायत भवन एवं मुख्य मार्गों से होती हुई अग्रवाल धर्मशाला तक पहुंची। नगर भ्रमण के दौरान युवा पोरवाल समाज अध्यक्ष भव्य गुप्ता एवं उनकी टीम ने समाज अध्यक्ष अशोक सोनी का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया। जगह- जगह शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा भी की गई। अग्रवाल धर्मशाला पहुंचने पर महाराजा अजमीढ़ जी की महाआरती की गई। इस अवसर पर समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक गायरी और विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगदीश अशोक भंडारी रहे, जिनका समाज की ओर से साफा पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post