बोलिया: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष अवसर पर रविवार को बोलिया में निकला भव्य पथ संचलन अनुशासन, संगठन और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम बना। खेल मैदान से प्रारंभ हुए इस संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में तिरंगा और भगवा ध्वज थामे पंक्तिबद्ध होकर आगे बढ़े।
“भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा नगर गूंज उठा। संचलन के मार्ग में जगह-जगह नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा की गई, वहीं महिलाओं ने घरों की छतों से फूल बरसाकर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया। बच्चे भी तिरंगे लहराते हुए “वंदे मातरम्” के जयघोष में शामिल रहे।
संचलन का मार्ग खेल मैदान से प्रारंभ होकर मुख्य चौराहों, बाजार मार्गों और मंदिर प्रांगणों से होता हुआ पुनः खेल मैदान पर संपन्न हुआ। मार्ग में बने स्वागत द्वार, आकर्षक सजावट और जलपान की व्यवस्था लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। स्वयंसेवकों का अनुशासन, एकरूपता और देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण ने सभी का मन मोह लिया।

Post a Comment