उन्हेल (झालावाड़)।
गंगधार तहसील के उन्हेल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कृषि कार्य करते वक्त करंट की चपेट में आने से दो किसानों की दर्दनाक मौत हो गई। अलग-अलग गांवों में घटी इन घटनाओं से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
पहली घटना गांव बेडला के खेड़ा की है, जहां भेरू सिंह राजपूत (50) पुत्र चंदर सिंह अपने खेत की मेड़ पर लगे कांटेदार तार को देख रहे थे। तभी ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया और तारों के संपर्क में आने से भेरू सिंह करंट की चपेट में आ गए। परिजन जब तक पहुंचते, वह अचेत हो चुके थे। दूसरी घटना कचनारा गांव की है, जहां भगवानलाल शर्मा (60) खेत में मोटर चालू कर रहे थे। उसी दौरान अचानक करंट लग गया और वे वहीं गिर पड़े।
दोनों किसानों को परिजन गंभीर हालत में चौमहला सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। उन्हेल थाना पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। गांव में दो किसानों की एक साथ हुई मौत से माहौल गमगीन है। ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली विभाग की लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई करे, ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।
Post a Comment