भानपुरा (मंदसौर)।
भानपुरा थाना क्षेत्र के करमदी खेड़ा गांव में बुधवार देर रात खेत पर एक किसान की हत्या से गांव में मातम और गुस्सा दोनों फैल गया। धनकपुरा निवासी शंभू सिंह (42) की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। सुबह जब ग्रामीण खेत पर पहुंचे तो शंभू सिंह का खून से लथपथ शव देखकर दहल गए।मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए और भानपुरा–झालावाड़ मार्ग पर ट्रैक्टर व पत्थर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि हत्यारों को तुरंत पकड़ो, नहीं तो चक्का जाम जारी रहेगा। थाना प्रभारी रमेशचंद दांगी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाते हुए 48 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इसके बाद जाम खुला, लेकिन शाम तक फिर प्रदर्शन शुरू हो गया। एसडीओपी विजय कुमार यादव और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को पुरानी रंजिश या पारिवारिक विवाद की आशंका है।
मृतक के पिता ने कहा, “मेरा बेटा किसी से दुश्मनी नहीं रखता था, वह शांत स्वभाव का किसान था। हमें न्याय चाहिए।”
थाना अधिकारी बोले: “पुलिस पूरी ताकत से जांच में जुटी है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।”
Post a Comment