अग्निवीर बने कुलदीप गुर्जर, आरोलिया गांव में निकला विजय जुलूस

भीलवाड़ी: भीलवाड़ी पंचायत के आरोलिया गांव निवासी कुलदीप गुर्जर (पुत्र देवकरण) के अग्निवीर में चयन होने पर गांव में खुशी और गर्व का माहौल बन गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और आसपास के क्षेत्रों के लोग शामिल हुए।

जुलूस की शुरुआत परोलिया रोड स्थित देवनारायण मंदिर से हुई, जो भीलवाड़ी, रूनजी पीपलिया होते हुए आरोलिया स्थित कुलदीप गुर्जर के निवास तक पहुंचा। रास्ते में भीलवाड़ी चौराहे पर समाजसेवी दिलीप गुप्ता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर व शॉल ओढ़ाकर अग्निवीर बने कुलदीप का भव्य स्वागत किया। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाए और अभिनंदन किया। डीजे की धुनों पर युवा और ग्रामीण नाचते-गाते “भारत माता की जय” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते नजर आए। पूरे गांव में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। उल्लेखनीय है कि आरोलिया गांव से सेना में यह दूसरा चयन है, जिससे गांव में विशेष उत्साह है। कुलदीप गुर्जर एक किसान एवं सामान्य परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनकी इस उपलब्धि ने गांव और आसपास के बच्चों में देश सेवा के प्रति नई प्रेरणा और जोश भर दिया है। ग्रामवासियों ने कुलदीप गुर्जर को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे होनहार युवा गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करते हैं।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post