श्री गुरु गोबिंद सिंह के 359वें प्रकाश पर्व पर भवानीमंडी में श्रद्धा व उत्साह

भवानीमंडी: गुरु गोबिंद सिंह के 359वें पावन प्रकाश पर्व पर गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में सोमवार को भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अनुपम संगम देखने को मिला। इस मौके पर विशेष कीर्तन दीवान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने भाग लेकर गुरु चरणों में शीश नवाया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे गुरुपर्व के उपलक्ष्य में रखे गए श्रीसप्ताह पाठ साहिब की पूर्णता के साथ हुई। इसके बाद हुजूरी रागी भाई सतनाम सिंह एवं भाई हरकीरत सिंह ने मधुर वाणी से संगत को निहाल किया। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक दिल्ली से पधारे अखंड कीर्तनी जत्था के भाई अवनीत सिंह के नेतृत्व में कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा गुरुद्वारा परिसर गुरुजस से गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम के अंत में सरबत के भले की अरदास की गई। इसके पश्चात गुरुद्वारा परिसर के बाहर लगाए गए पंडाल में गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें सिख संगत के साथ ही सिंधी समाज एवं विभिन्न वर्गों के गुरु नानक नाम लेवा श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। इस अवसर पर सरदार अमनदीप सिंह जी ने गुरुद्वारा साहिब के विकास कार्यों के लिए समाज द्वारा प्रदत्त बिल्डिंग फंड का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। वहीं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए ज्ञानी सतनाम सिंह, तबलावादक भाई हरकीरत सिंह एवं सेवादार दलेर सिंह को सम्मानित किया गया। नगर कीर्तन में पंज प्यारों की सेवा निभाने वाले सिख वीरों को भी गुरुद्वारा कमेटी की ओर से सम्मान प्रदान किया गया। शाम 8 बजे से बच्चों के लिए कवि दरबार का आयोजन किया गया, जबकि रात्रि में भव्य आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान प्रितपाल सिंह  ने गुरु गोबिंद सिंह के जन्म इतिहास पर प्रकाश डालते हुए समस्त संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी और गुरु महाराज द्वारा बताए गए सत्य, साहस और सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post