फसल मुआवजा नहीं मिलने से भड़के किसान, कांग्रेस ने निकाली जनआक्रोश रैली

चौमहला: खराब फसल मुआवजा सहित किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। जो दोपहर एक बजे जैन अतिथि गृह से प्रारंभ होकर उपखंड कार्यालय पहुंची, जहां उपखंड अधिकारी को किसानों की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया कि डग विधानसभा क्षेत्र में सोयाबीन एवं उड़द की फसल खराब होने के बावजूद किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, जबकि फसल बीमा की क्लेम राशि किसानों से पहले ही काट ली गई थी।

किसानों ने आरोप लगाया कि बीमा कंपनी का फोन बंद आता है।किसानों को गुमराह किया जा रहा है। साथ ही बताया, पिछले वर्ष 1 जनवरी से गेहूं खरीद पंजीकरण शुरू कर दिया गया था, लेकिन इस वर्ष अभी तक पंजीकरण नहीं होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि किसानों को पिछले वर्ष का मुआवजा अब तक नहीं मिला है तथा सोयाबीन का उचित मूल्य भी नहीं दिया जा रहा है, जबकि किसानों ने महंगे दामों पर बीज खरीदे थे।

इसके अलावा कृषि उपज मंडी में टोलकांटा नहीं होने से किसानों को अपनी उपज बाहर अन्य स्थानों पर तौल करवानी पड़ रही है, जिससे उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस ने सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों में उचित कार्यवाही नहीं की गई तो कांग्रेस द्वारा धरना–प्रदर्शन किया जाएगा ।रैली में सुसनेर विधायक भेरू सिंह परिहार ,कांग्रेस प्रत्याशी चेतराज गहलोत, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, कांग्रेस सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष संजय जैन, उप प्रधान संतोष जैन, नगर अध्यक्ष ओम प्रकाश तिवारी, छोटेलाल भावसार, इकबाल भाई सहित कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल रहे।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post