झालावाड़: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम और पुलिस थाना असनावर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डोडा-चूरा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 469 किलो 550 ग्राम अवैध डोडा-चूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बीती 11 जनवरी को एनएच-52 पर डूंगर गांव घाटी, अकलेरा-झालावाड़ रोड पर नाकाबंदी के दौरान अकलेरा की ओर से आ रही एक पिकअप को रोका गया। तलाशी के दौरान पिकअप में 40 बोरों में गेहूं और 26 प्लास्टिक के कट्टों में छिपाकर रखा गया डोडा-चूरा बरामद हुआ। तस्कर गेहूं की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनका यह प्लान विफल हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि पिकअप पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी, जबकि एक अतिरिक्त फर्जी नंबर प्लेट भी वाहन से बरामद की गई। आरोपी नंबर प्लेट बदल- बदलकर तस्करी करता था। गिरफ्तार आरोपी प्रदीप कुमार सिंह उर्फ प्रदीप कालिराम, उम्र 26 वर्ष, निवासी नांदिया प्रभवती, थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लाई रूट और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
469 किलो 550 ग्राम डोडा-चूरा जब्त, तस्करी नेटवर्क का खुलासा
Atulya Bharat News
-
0

Post a Comment