BSNL में ठेका कर्मचारियों का शोषण, वेतन और ईपीएफ-ईएसआई नहीं मिला

झालावाड़: बीएसएनएल में कार्यरत ठेका कर्मचारियों ने वेतन भुगतान और श्रम कानूनों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि JLW/PNG क्रिएटिव पावर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी के अंतर्गत कार्यरत सिक्योरिटी गार्ड, बीटीएस टावर आउटसोर्सिंग और सफाई कर्मचारी पिछले छह माह से वेतन से वंचित हैं। ठेका कर्मचारियों ने बताया कि वे कई वर्षों से बीएसएनएल झालावाड़ में सेवाएं दे रहे हैं। सिक्योरिटी गार्ड को प्रतिमाह मात्र 5 हजार रुपए मिलते हैं, वह भी समय पर नहीं दिए जाते। जुलाई 2025 से वेतन पूरी तरह बंद है। कर्मचारियों का आरोप है कि पीएनजी कंपनी द्वारा EPF और ESI जमा नहीं कराई जा रही, जबकि पूर्व ठेकेदार यह प्रक्रिया पूरी करता था।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बीएसएनएल झालावाड़ में चल रहे तीनों ठेके 1. बीटीएस टावर आउटसोर्सिंग, 2. सिक्योरिटी गार्ड, 3. सफाई कर्मचारी नियमों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे हैं और ठेकेदार व अधिकारियों की मिलीभगत से ठेका कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। श्रम कानूनों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि ठेकेदार से संपर्क करने पर उसने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया और कहा कि उसने उन्हें नियुक्त नहीं किया है। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और परिवार का पालन-पोषण मुश्किल हो गया है।ज्ञापन में मांग की गई है कि सभी ठेका कर्मचारियों को कंपनी द्वारा वैध आईडी कार्ड जारी किए जाएं, उनके नाम से EPF/ESI दर्शाकर ही बिल पास किए जाएं और कर्मचारियों से हस्ताक्षर लेकर नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।कर्मचारियों ने बताया कि 2 जनवरी 2026 को वे कई गांवों से एकत्र होकर बीएसएनएल कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे थे, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारी द्वारा ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया गया।

ठेका कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर से मामले में जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई और बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post