राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स में मैत्री मैच, श्रमिक टीम ने 9 विकेट से मारी बाजी

भवानीमंडी: राजस्थान टेक्सटाईल मिल्स परिसर में रविवार को स्टाफ और श्रमिकों के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस मुकाबले में श्रमिक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टाफ टीम को 9 विकेट से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।

स्टाफ टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 93 रन बनाए। जवाब में उतरी श्रमिक टीम के बल्लेबाजों ने महज एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 9 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।

बलवंत सिंह बने ‘मैन ऑफ द मैच’

उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बलवंत सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उनकी बल्लेबाजी ने टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरटीएम के एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट रोहित अरोड़ा एवं एक्स वाइस प्रेसिडेंट संजीव सिंह उपस्थित रहे। अरोड़ा ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन और टीमवर्क की भावना भी विकसित करते हैं।

उन्होंने मैदानी खेलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए मैदान में जल्द ही फ्लडलाइट लगाने की घोषणा की, ताकि रात्रि में भी खेल गतिविधियां संचालित हो सकें। मैच के दौरान व्यवस्थाओं का दायित्व सुरेंद्र सिंह झाला ने अपनी टीम के साथ संभाला। पूरे आयोजन में उत्साह और खेल भावना का माहौल देखने को मिला।

मैत्रीपूर्ण मुकाबले ने यह संदेश दिया कि औद्योगिक कार्यस्थल पर भी खेल गतिविधियां आपसी संबंधों को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम बन सकती हैं।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post