कोटा थर्मल प्लांट में भालू घुसने से मची अफरा-तफरी, 1 घंटे तक यूनिट-6 में दौड़ता रहा भालू, जान बचाकर भागा स्टाफ

कोटा | कोटा थर्मल प्लांट में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक भालू अचानक प्लांट के अंदर घुस गया। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक भालू यूनिट नंबर-6 के वैक्यूम पंप की तरफ से प्लांट में दाखिल हुआ और करीब एक घंटे तक यूनिट के अंदर घूमता रहा। इस दौरान वह सीईपी एरिया से होते हुए एमओटी रूम तक पहुंच गया, जहां ऑपरेटर ड्यूटी पर मौजूद थे।

भालू को देखते ही मौके पर मौजूद 10 से 12 कर्मचारियों में दहशत फैल गई। हमले के डर से सभी कर्मचारी सुरक्षित स्थानों पर चले गए। कर्मचारियों के शोर मचाने के बाद करीब एक घंटे में भालू प्लांट से बाहर निकल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भालू यूनिट के अंदर घूमता दिखाई दे रहा है।

वहीं राजस्थान विद्युत उत्पादन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राम सिंह शेखावत ने कहा कि थर्मल प्लांट में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पहले यूनिट नंबर 3 और 4 के पास पैंथर भी देखा गया था। कर्मचारी संघ ने थर्मल प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और हर यूनिट के गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post