3 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, विधायक ने मंच से जेईएन को फोन लगाकर कार्यक्रम में बुलाया, बोले बिजली समस्या का हो समाधान

भैसोदामंडी । भैसोदामंडी बस स्टैंड पर करीब 3 करोड़ रु के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक चंदर सिंह सिसोदिया रहे, जबकि अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष गायत्री पौराणिक ने की। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनुप्रिया यादव, नप उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा, लोक निर्माण सभापति रेखा श्याम गुर्जर, पार्षद आशा चंदेल एवं सीमा यादव मंचासीन रहे।

विधायक चंदर सिंह सिसोदिया ने संबोधन में कहा कि एक समय ऐसा था जब दीपावली पर भी लोगों के घरों में अंधेरा रहता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में घर-घर बिजली और नल की सुविधा पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डॉ मोहन यादव की सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है। बिजली समस्या का मुद्दा उठने पर विधायक ने मंच से ही एमपीईबी के जेईएन को फोन लगाकर मौके पर बुलाया और कहा कि क्षेत्र में बिजली संबंधी शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड होने से परेशानी आ रही है, जिसे जल्द दूर किया जाएगा। इसी दौरान पार्षद आशा चंदेल ने अपने वार्ड में बिजली पोल की समस्या रखी, जिस पर विधायक ने सीएमओ को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विधायक एवं अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर 5 ई-रिक्शा कचरा वाहनों, एक जेसीबी और बस स्टेंड वाले सार्वजनिक शौचालय का फीता काटकर लोकार्पण किया। विकास कार्यों में 7 सार्वजनिक सुविधाघर, 2 सामुदायिक शौचालय, ग्रीन पार्क, सीसी सड़कें, नाली निर्माण और कुटिया वाले बालाजी सड़क का भूमिपूजन भी शामिल रहा। कार्यक्रम की ख़राब बात यह रही कि कई कार्यो का लोकार्पण गारंटी पीरियड खत्म होने के बाद किया गया। समारोह में नगर पालिका सीएमओ गिरीश शर्मा, इंजीनियर प्रवीण परमार, एमपीईबी सहायक अभियंता वीरेंद्र सिंह योगी तथा चौकी प्रभारी धर्मेश यादव मौजूद रहे।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post