बैंक खाते बेचकर ठगी कराने वाला म्यूल अकाउंट होल्डर गिरफ्तार, 4 पासबुक-4 एटीएम कार्ड जब्त

राहुल राठौर

भवानीमंडी । साइबर अपराधों पर शिकंजा कसते हुए भवानीमंडी पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 बैंक पासबुक, 4 एटीएम कार्ड और 3 चेकबुक जब्त की हैं। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और साइबर फ्रॉड में शामिल म्यूल खाता धारकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत भवानीमंडी थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को म्यूल खाता एवं फर्जी सिम अभियान के दौरान सूचना मिली थी कि पचपहाड़ क्षेत्र का राहुल राठौर अपने बैंक खातों को म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल कर साइबर ठगी करने वालों को उपलब्ध कराता है। तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि आरोपी खातों के माध्यम से बड़े पैमाने पर साइबर फ्रॉड कर आर्थिक लाभ ले रहा था। इसके बाद एसपी अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा और वृत्ताधिकारी मनोज कुमार सोनी के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 27 मई 2026 को आरोपी राहुल पुत्र बालचंद राठौर निवासी फुलसदन, पचपहाड़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 4 बैंक पासबुक, 4 एटीएम कार्ड और 3 चेकबुक जब्त की है। मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि साइबर ठगी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post