मन्दसौर | नई आबादी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 20 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराज्यीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मुखबिर सूचना पर घेराबंदी कर पकड़े आरोपी
एसपी विनोद कुमार मीना ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि नई आबादी थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ का लेन-देन होने वाला है। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया।
थाना प्रभारी नई आबादी कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनय बुंदेला और पुलिस टीम ने सुनियोजित रणनीति बनाकर संदिग्ध वाहनों की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 20 किलो ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ थाना नई आबादी में अपराध क्रमांक 89/26 के तहत धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
मादक पदार्थ लेने इंदौर पहुंचे थे आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इंदौर निवासी आरोपी मादक पदार्थ लेने के लिए मन्दसौर पहुंचे थे। पुलिस ने इंदौर के दो और राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत पिता पूनमचंद्र वर्मा (50 वर्ष) निवासी सृष्टि परिसर, भानगढ़ रोड, इंदौर, मोना पति स्वर्गीय रमेश सेन (48 वर्ष) निवासी नंदा नगर, पाटनीपुरा, इंदौर, राहुल पिता लक्ष्मणलाल मीणा (36 वर्ष) निवासी मालीखेड़ा, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान), सुभाष उर्फ पिंटू पिता भंवरलाल गुर्जर (46 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, प्रतापगढ़ (राजस्थान) तथा जितेंद्र उर्फ कारू पिता मांगीलाल मीणा (35 वर्ष) निवासी माली का खेड़ा, प्रतापगढ़ (राजस्थान) शामिल हैं।
एक आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार इस पूरे नेटवर्क में शामिल अजीज उर्फ एजाज निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Post a Comment