‘आपका बेटा जरूर बोलेगा’… 4 साल बाद सच हुआ वादा, राजेश गुप्ता ‘करावन’ ने नि:शुल्क इलाज कराकर लौटाई मासूम की आवाज, ‘अंकल’ सुन भावुक हुए परिजन

चित्र- 4 साल पूर्व का फाइल फोटो
बकानी । एक मां-बाप के लिए अपने बच्चे की आवाज सुनना सबसे बड़ी खुशी होती है। झालावाड़ जिले के बकानी कस्बे में ऐसा ही एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां जन्म से बोलने में असमर्थ मासूम जतिन अब ‘मम्मी-पापा’ और ‘अंकल’ बोलने लगा है। इस बदलाव के पीछे राजस्थान सरकार की जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के पूर्व सदस्य रहे राजेश गुप्ता ‘करावन’ का प्रयास और चार साल पहले किया गया वादा है।

दरअसल, करीब चार वर्ष पूर्व झालरापाटन में आयोजित उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में बकानी निवासी राकेश और रेखा अपने बेटे जतिन को लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बच्चे के बोल नहीं पाने की समस्या बताई। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था और महंगे इलाज की उम्मीद भी लगभग छोड़ चुका था।जनसुनवाई के दौरान राजेश गुप्ता ‘करावन’ ने न केवल परिवार की पीड़ा सुनी, बल्कि बच्चे को गोद में उठाकर भरोसा दिलाया कि “घबराओ मत बहन, आपका बेटा जरूर बोलेगा… यह मेरी जिम्मेदारी है।”
चित्र- ईलाज के बाद बोलते हुवे जतिन के साथ राजेश गुप्ता व परिवार

इसके बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए जतिन की मेडिकल जांच और रिपोर्ट तैयार करवाई। पूरी फाइल जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष पुखराज पाराशर को भेजी गई। प्रयासों के बाद ‘बाल स्वास्थ्य मिशन’ के तहत जतिन के इलाज को स्वीकृति मिली और भीलवाड़ा के एक निजी अस्पताल में करीब 8 से 9 लाख रुपए खर्च वाला ऑपरेशन पूरी तरह नि:शुल्क कराया गया। करीब चार घंटे चले जटिल ऑपरेशन के बाद धीरे-धीरे जतिन की आवाज लौटने लगी। अब वह अपने माता-पिता को पुकारने लगा है। शुक्रवार को राजेश गुप्ता ‘करावन’ खुद बकानी स्थित जतिन के घर पहुंचे। जैसे ही बच्चे ने तोतली आवाज में “अंकल” कहा, वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो उठे। माता-पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। परिजनों ने कहा कि उन्होंने बेटे के बोलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन राजेश गुप्ता ने उनका विश्वास लौटाया और परिवार की खुशियां वापस ला दीं। इस दौरान राजेश गुप्ता ‘करावन’ ने कहा कि उन्होंने कोई एहसान नहीं किया, बल्कि यह उनका दायित्व था। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है। जतिन पढ़-लिखकर आगे बढ़े और देश का नाम रोशन करे, यही उनकी कामना है।

जतिन के बोलने की खबर फैलते ही बकानी और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोग इसे संवेदनशील जनसेवा का उदाहरण बताते हुए कह रहे हैं कि वादा निभाने वाले जनप्रतिनिधि समाज में उम्मीद जगाते हैं।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post