22 लाख के सोयाबीन बीज गायब करने का मामला: पुलिस ने 686 कट्टे बरामद किए, ट्रक जप्त, चालक फरार

भवानीमंडी । पुलिस थाना मिश्रौली ने करीब 22 लाख रुपए मूल्य के सोयाबीन बीज को खुर्दबुर्द करने के मामले का खुलासा करते हुए 198 क्विंटल सोयाबीन बीज और घटना में प्रयुक्त आईसर ट्रक को बरामद कर लिया है। वही मुख्य आरोपी ट्रक चालक की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 20 जून 2026 को भवानीमंडी निवासी बीज व्यापारी मोहम्मद इरशाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने शाहजहांपुर स्थित सत्यम सीड्स फर्म से 199.25 क्विंटल (695 कट्टे) सोयाबीन बीज खरीदा था, जिसकी कीमत करीब 21 लाख 91 हजार 750 रुपए थी। माल को आईसर ट्रक नंबर RJ17 GB 3412 में भरवाकर भवानीमंडी भेजा गया था।

ट्रक चालक परमानंद एरवाल निवासी बड़ाय थाना बकानी माल लेकर रवाना हुआ, लेकिन तय समय पर भवानीमंडी नहीं पहुंचा। पूछताछ करने पर चालक ने पिड़ावा पहुंचने की बात कही, लेकिन बाद में व्यापारी को ट्रक मिश्रौली थाना क्षेत्र के सिलेहगढ़ स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर खाली हालत में खड़ा मिला। ट्रक में सोयाबीन बीज नहीं था। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी एवं माल खुर्दबुर्द करने का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा तथा वृत्ताधिकारी सत्यनारायण गोदारा के निर्देशन में थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए खुर्दबुर्द किए गए 686 कट्टे सोयाबीन बीज (करीब 198 क्विंटल) बरामद कर लिए। साथ ही घटना में प्रयुक्त आईसर ट्रक भी जब्त कर लिया गया। पुलिस के अनुसार बरामद सोयाबीन बीज की अनुमानित कीमत 21.91 लाख रुपए है। मामले में फरार ट्रक चालक परमानंद तथा अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post