भवानीमंडी | क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश ने भारी तबाही मचाई है। तूफान के चलते पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है और कई इलाकों में घंटों से अंधेरा छाया हुआ है। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ और उनकी टहनियां बिजली की लाइनों पर गिर गईं, जिससे भैसोदामंडी, भवानीमंडी कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
तूफान का असर यातायात पर भी पड़ा। भानपुरा रोड पर भैसोदामंडी पुलिस चौकी के पास पेड़ गिरने से मुख्य मार्ग बाधित हो गया। वहीं कई मकानों के टीनशेड उड़ने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।
बिजली विभाग के मुताबिक, भैसोदामंडी में 11 केवी लाइन के तार टूट गए हैं, गुराड़िया जोगा जीएसएस में एक बिजली का पोल गिर गया है, जबकि घटोद-गुराडी मार्ग की 33 केवी हाईटेंशन लाइन में बड़ा फॉल्ट आया है।
विभाग की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर फॉल्ट तलाशने और लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हैं, लेकिन नुकसान ज्यादा होने के कारण बिजली बहाल होने में समय लग सकता है।
उधर कृषि मंडी में खुले में रखी किसानों की उपज बारिश में भीग गई। किसानों और व्यापारियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा और बारिश के आगे प्रयास नाकाम रहे। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
Post a Comment