भवानीमंडी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जहां सरकारी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा विभिन्न पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं नगर के सामाजिक कार्यकर्ता कपिल चौहान व पर्यवारण प्रेमी फूलचंद वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक अनूठी पहल की शुरुआत की। उन्होंने केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहकर उसके संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के तहत पहला पौधा भैसोदामंडी पुलिस चौकी परिसर में लगाया गया। चौकी प्रभारी धर्मेश यादव को प्रतियोगिता का प्रथम प्रतिभागी बनाया गया। इस अवसर पर प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन भी किया गया तथा उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में चौकी प्रभारी धर्मेश यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश बोहरा, लायंस क्लब अध्यक्ष कालूलाल सालेचा, पार्षद सीमा यादव, राकेश यादव (बॉबी), पूर्व सरपंच श्याम गुर्जर, नरेश माधवानी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष अंशुल पाटीदार, गणेश सालेचा, गिरधर गोपाल शर्मा, मनीष सुमन, राकेश सैनी, अनिल खारोल, राजू मीणा, सुरेश धाकड़, अविनाश परमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
एक साल तक पौधे की देखभाल करने वालों को मिलेगा सम्मान
प्रतियोगिता के संयोजक फूलचंद वर्मा ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर अतुल्य भारत न्यूज एवं पृथ्वी बचाओ चेरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में इस विशेष प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी को एक पौधा लगाकर उसके साथ अपनी फोटो लेनी होगी और उसे सुरक्षित रखना होगा। इसके बाद ठीक एक वर्ष पश्चात अगले विश्व पर्यावरण दिवस पर उसी पौधे के साथ पुनः फोटो लेकर आयोजकों को भेजनी होगी। जिन प्रतिभागियों द्वारा लगाए गए पौधे एक वर्ष तक सुरक्षित एवं संरक्षित पाए जाएंगे, उन्हें अगले वर्ष आयोजित विशेष समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि पौधारोपण की वास्तविक सफलता केवल पौधा लगाने में नहीं, बल्कि उसे जीवित रखने और वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करने में है। इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह प्रतियोगिता शुरू की गई है।
सावन माह में चलेगा जनजागरण अभियान
प्रतियोगिता के तहत पूरे सावन मास में विभिन्न स्थानों पर लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा अधिकाधिक नागरिकों को प्रतियोगिता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।आयोजकों को उम्मीद है कि यह पहल लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति दीर्घकालिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करेगी और शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Post a Comment