गुजरात में मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, भवानीमंडी से एक आरोपी गिरफ्तार

भवानीमंडी । गुजरात के खेड़ा जिले के काठलाल थाना पुलिस ने मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले में भवानीमंडी निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का आईफोन बरामद किया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। काठलाल थाना पुलिस के अनुसार 7 अप्रैल 2026 की रात काठलाल न्यू रोड स्थित मेहता एजेंसी मोबाइल दुकान की छत तोड़कर चोर मोबाइल फोन और टीवी चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में काठलाल थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। चोरी हुआ एक आईफोन भवानीमंडी (राजस्थान) में सक्रिय मिला। जांच में मोबाइल उपयोगकर्ता गौरव घनश्याम सेन निवासी भवानीमंडी का पता चला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का आईफोन बरामद कर लिया। पूछताछ में पुलिस को मुख्य आरोपी विनोदजी भवानजी ठाकोर के बारे में जानकारी मिली, जो मूल रूप से गुजरात के गांधीनगर जिले के पिंडारा गांव का निवासी है और वर्तमान में भवानीमंडी में रह रहा है। पुलिस ने उसके घर से चोरी किया एंड्रॉइड टीवी भी बरामद कर लिया है। हालांकि मुख्य आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने इस कार्रवाई में एक आईफोन (कीमत 57,516 रुपए) और एक एंड्रॉइड टीवी (कीमत 9,360 रुपए) जब्त किया है। कार्रवाई पुलिस निरीक्षक पी.पी. जानी के निर्देशन में काठलाल थाना पुलिस टीम ने की।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post