भैसोदा तालाब के टापू के पास मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश, पहचान नहीं पुलिस ने शुरू की जांच

भैसोदामंडी । भैसोदा तालाब में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तालाब के बीच स्थित एक टापू के पास शव औंधे मुंह पानी में तैरता दिखाई दिया। शाम को सूचना मिलते ही भैसोदामंडी चौकी प्रभारी धर्मेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नगर परिषद की टीम की मदद से शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कराई। शव को बाहर निकालने के दौरान संसाधनों की कमी भी सामने आई। मौके पर स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने से निजी अस्पताल साईंनाथ से स्ट्रेचर मंगवाया गया, जिसके बाद शव को तालाब से बाहर निकाला जा सका। शव पूरी तरह फूल चुका था। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग तालाब की पाल पर एकत्रित हो गए। क्षेत्र में पूर्व में भी हत्या कर शव कुएं एवं तालाब में फेंकने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी हत्या की आशंका को लेकर चर्चाएं होती रही। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post