कोटा डीआरएम से सीधे मिलिए, शिकायत बताइए और समाधान पाइए, हर गुरुवार आमजन व रेलकर्मियों के लिए खुला रहेगा डीआरएम कार्यालय

कोटा । अब रेलकर्मियों और आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तर-दर-दफ्तर भटकने की जरूरत नहीं होगी। कोटा रेल मंडल ने शिकायत निवारण की नई पहल शुरू करते हुए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से सीधे मुलाकात की व्यवस्था लागू की है। मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के निर्देशन में प्रत्येक गुरुवार शाम 5 से 6 बजे तक रेलकर्मी और आम शिकायतकर्ता डीआरएम कार्यालय में पहुंचकर अपनी समस्या सीधे रख सकेंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी मामला फाइलों में लंबित न रहे। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता को पहले संबंधित शाखा अधिकारी या अपर मंडल रेल प्रबंधक स्तर पर अपनी समस्या प्रस्तुत करनी होगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत डीआरएम से मिलने के लिए समय दिया जाएगा। यदि किसी कारणवश गुरुवार को बैठक नहीं हो पाती है तो उसी सप्ताह शुक्रवार को सुनवाई की जाएगी। रेल प्रशासन ने शिकायतों की समयबद्ध मॉनिटरिंग की भी व्यवस्था की है। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी स्तर पर मामलों की नियमित समीक्षा होगी, जिससे शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी मिलती रहे।

ठेकेदारों के लिए भी अलग सुनवाई

कोटा मंडल के ठेकेदारों की समस्याओं और शिकायतों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। डीआरएम प्रत्येक गुरुवार शाम 4 से 5 बजे तक ठेकेदारों से मुलाकात करेंगे। इसके लिए ठेकेदारों को प्रत्येक मंगलवार शाम 4 बजे तक आवश्यक दस्तावेजों सहित डीआरएम के निजी सचिव कार्यालय में पंजीकरण कराना होगा। रेल प्रशासन का मानना है कि यह पहल प्रशासन और आमजन के बीच संवाद व विश्वास को मजबूत करेगी तथा समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम बनेगी। 

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post