चेचट में पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार, 129 किलो डोडा चूरा जब्त

चेचट | कोटा ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 129.250 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया है। चेचट थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान पंजाब के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई किआ सेल्टोस कार भी जब्त कर ली है। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए 'ऑपरेशन रूट क्लियरेंस' चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 23 जुलाई को चेचट थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज के पास नाकाबंदी की थी।

इसी दौरान मध्य प्रदेश की ओर से आ रही एक किआ सेल्टोस कार को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए कार को पकड़ लिया।

कार की सीटों और डिक्की से मिले छह कट्टे

वाहन की तलाशी लेने पर सीटों के बीच और डिक्की में रखे छह कट्टों से कुल 129.250 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मादक पदार्थ और वाहन जब्त कर लिया।

पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने जालंधर निवासी 30 वर्षीय सुखचैन सिंह और फाजिल्का निवासी 34 वर्षीय रणजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ चेचट थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सप्लाई चेन और नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस अब डोडा चूरा की सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और इस तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी घनश्याम मीणा के निर्देशन में की गई। चेचट थाना प्रभारी उत्तम सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस कार्रवाई में साइबर सेल के लाखन सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भी अहम भूमिका रही।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post