भवानीमंडी को मिली नियमित सुपरफास्ट ट्रेन, 26 जुलाई से शुरू होगी हिसार-खड़की एक्सप्रेस

भवानीमंडी | क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। हिसार और खड़की के बीच चल रही विशेष ट्रेन को अब नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा। इस फैसले से हाड़ौती क्षेत्र सहित प्रदेश के हजारों यात्रियों को बेहतर और नियमित रेल सुविधा मिलेगी। रेल प्रशासन ने इसकी मंजूरी जारी कर दी है।

स्पेशल ट्रेन अब बनेगी नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस

रेलवे के अनुसार, अब तक गाड़ी संख्या 04725/04726 के रूप में विशेष ट्रेन के तौर पर संचालित सेवा को नियमित करते हुए गाड़ी संख्या 22979/22980 हिसार-खड़की सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा। यह नई व्यवस्था 26 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। क्षेत्रीय सांसद दुष्यंत सिंह के प्रयासों से यह सुविधा क्षेत्र को मिली है।

हर सप्ताह तय दिनों में चलेगी ट्रेन

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 22979 का संचालन 26 जुलाई से हिसार से प्रत्येक रविवार को किया जाएगा। वहीं, गाड़ी संख्या 22980 27 जुलाई से खड़की से प्रत्येक सोमवार को नियमित रूप से रवाना होगी। इससे दोनों दिशाओं में यात्रा करने वाले यात्रियों को नियमित रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

भवानीमंडी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

हिसार-खड़की सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ठहराव सादुलपुर, लोहारू, चिड़ावा, झुंझुनू, नवलगढ़, सीकर, रींगस, दहर का बालाजी, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानीमंडी, रतलाम, वडोदरा, भरूच, सूरत, वापी, वसई रोड और लोनावला सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रहेगा। इससे राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी।

भवानीमंडी स्टेशन को नियमित सुपरफास्ट सेवा से जोड़ने के बाद क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन और आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए सांसद दुष्यंत सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। 

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post