कोटा । रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) भरतपुर ने ऑपरेशन अमानत के तहत ईमानदारी एवं तत्परता का परिचय देते हुए एक यात्री का खोया हुआ मोबाइल फोन सुरक्षित लौटाया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि भरतपुर पोस्ट पर तैनात हेड कांस्टेबल जयराम गुर्जर को ड्यूटी के दौरान रेल पटरी के मध्य एक मोबाइल फोन मिला, जिसे उन्होंने तत्काल आरपीएफ चौकी भरतपुर में सुरक्षित जमा कराया। मोबाइल पर प्राप्त कॉल के आधार पर उसके स्वामी श्री अनुज कुमार भट्ट, निवासी गोंडा (उत्तर प्रदेश) से संपर्क स्थापित किया गया। यात्री ने बताया कि गाड़ी संख्या 19725 खातीपुरा–दरभंगा एक्सप्रेस के कोच एस-1 में सीट संख्या 50 एवं 51 पर बांदीकुई से गोंडा की यात्रा के दौरान उनका मोबाइल फोन खिड़की से बाहर गिर गया था। आवश्यक सत्यापन के उपरांत लगभग ₹28,000 मूल्य का मोबाइल फोन यात्री को सुपुर्द किया गया। अपना खोया हुआ मोबाइल सुरक्षित वापस पाकर यात्री ने आरपीएफ स्टाफ की ईमानदारी एवं सेवा-भावना की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत आरपीएफ द्वारा यात्रियों की गुम हुई वस्तुओं को खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

Post a Comment