झालावाड़: वन विभाग ने बुधवार को वन्यजीवों के अवैध शिकार और व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। शहर स्थित कालीसिंध नदी की पुलिया के समीप फील्ड ट्रायल क्षेत्र में बनी कच्ची झोपड़ियों पर संयुक्त दबिश दी गई। इस दौरान जीवित तीतर और तोते बरामद किए गए।
कार्रवाई में शिकार में प्रयुक्त होने वाले फंदे और पिंजरे भी जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त, एक बाइक भी मौके से बरामद की गई। मामले में आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें कोर्टमें पेश किया गया है।
यह संयुक्त कार्रवाई उप वन संरक्षक सागर पवार के निर्देशन में सहायक वन संरक्षक मुकेश सहजवानी के नेतृत्व में की गई। क्षेत्रीय वन अधिकारी दीपक सिंह चारण की टीम ने असनावर रेंज के वनकर्मियों और पुलिस बल के साथ मिलकर इसे अंजाम दिया।
प्रारंभिक जांच में वन्यजीवों के अवैध शिकार, कब्जे और व्यापार से जुड़े प्रमाण मिले थे, जिसके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई। वन विभाग ने जब्त किए गए वन्यजीवों को अपने संरक्षण में ले लिया है।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वन्यजीवों का शिकार, कब्जा, संग्रहण, परिवहन या व्यापार करना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत एक संज्ञेय और गैर-जमानती अपराध है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर कठोर सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि कहीं वन्यजीवों के अवैध शिकार, कब्जे या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Post a Comment