झालावाड़: 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने कैफिनेटेड बेवरेज रेड बुल की 339 कैन जब्त की हैं। इन कैन के सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं, साथ ही लेबल पर किए गए दावों की भी जांच की जाएगी।
अभिहित अधिकारी डॉ. मोहम्मद साजिद ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने पुलिस लाइन स्थित मैसर्स सांवलिया सेल्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान पर बिक्री के लिए रखी 15 पैकेट में कुल 360 कैन (प्रत्येक 250 मि.ली.) मिलीं।
निरीक्षण के दौरान उत्पाद के लेबल पर "एनर्जी ड्रिंक" और "वाइटलाइजेस बॉडी एंड माइंड" जैसे दावे अंकित थे। विभाग के अनुसार भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के प्रावधानों के तहत इन दावों की वैधानिक जांच जरूरी है। इसी आधार पर एक नमूना लिया गया और शेष 339 कैन मौके पर ही जब्त कर ली गईं।
डॉ. साजिद ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट और लेबल की जांच के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिष्ठान के लाइसेंस में भी अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण में प्रतिष्ठान के खाद्य लाइसेंस में व्यवसाय स्थल का पूरा पता दर्ज नहीं था। इसके अतिरिक्त, पूर्व के एक मिथ्या छाप (Misbranding) प्रकरण में लगाया गया जुर्माना भी जमा नहीं कराया गया था। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को लाइसेंस में आवश्यक संशोधन करने और बकाया जुर्माना जमा करने का निर्देश दिया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया, तो न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार खाद्य लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी बताया कि जिले में मिलावटी और भ्रामक प्रचार वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Post a Comment