गरोठ | पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 74 ग्राम एमडी ड्रग्स और 6 किलो 390 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के नेतृत्व में सउनि जसराजसिंह चंदेल और उनकी टीम ने की। पुलिस टीम ने रुपरा फंटा (भानपुरा-गरोठ रोड) पर घेराबंदी कर बाइक सवार दो शातिर तस्करों को पकड़ा। उनके पास से अवैध मादक पदार्थों के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरनावदा निवासी लक्ष्मणसिंह (38) और भानपुरा के गुर्जर मोहल्ला निवासी अश्विन उर्फ मन्ना पंवार (39) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीसरे आरोपी देव शर्मा का नाम बताया है, जिसकी तलाश जारी है। इन दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड मिली है।
पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से ड्रग्स के स्रोत, उनके पूरे नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।पकड़े गए आरोपियों में से अश्विन उर्फ मन्ना पंवार का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ भानपुरा और गरोठ थानों में आबकारी एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, मारपीट और चोरी सहित कुल 18 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Post a Comment