भाजपा कार्यकर्ताओ ने मनाया जश्न, दुधाखेडी माताजी के भक्तों को भी एक्सप्रेस वे का आशीर्वाद
कपिल चौहान । भवानीमंडी: वर्षों से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। भारतमाला परियोजना के तहत भवानीमंडी को दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए करीब 350 करोड़ रुपए की लागत से 9 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड लिंक रोड बनाया जाएगा। यह सड़क भवानीमंडी से मध्यप्रदेश के सातलखेड़ी तक बनेगी और सीधे एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगी। कोटा संभाग के दौरे पर बुधवार को गोपालपुर में आयोजित आमसभा में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह ने भवानीमंडी को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने की मांग रखी थी। अब इस परियोजना की डीपीआर तैयार की जा रही है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) कोटा के अधिकारियों के अनुसार, यह सड़क ग्रीनफील्ड परियोजना के रूप में विकसित होगी। डीपीआर तैयार होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी और अगले दो से ढाई वर्षों में सड़क बनकर तैयार होने की उम्मीद है।
पहले नीमथूर, अब सातलखेड़ी से मिलेगा सीधा कनेक्शन
जब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण शुरू हुआ था, तब भवानीमंडी की कनेक्टिविटी को लेकर असमंजस की स्थिति थी। शुरुआत में क्षेत्र को नीमथूर के जरिए जोड़ने का प्रस्ताव था, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसे नहीं माना। इसके बाद व्यापार महासंघ के पूर्व अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह ने लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री प्रकाश चंद गुप्ता के माध्यम से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र की जरूरतों से अवगत कराया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद दुष्यंत सिंह और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी लगातार इस मांग को मजबूती से उठाया। पिछले छह महीनों से एनएच के अधिकारी सातलखेड़ी क्षेत्र का सर्वे कर रहे थे, जिसके बाद इस मार्ग पर सहमति बनी।
चित्र- पूर्व में सांसद दुष्यंत सिंह ने मंत्री गडकरी से की थी मांग
दुधाखेड़ी माताजी जाने वाले श्रद्धालुओं की राह होगी आसान
सातलखेड़ी के पास एक्सप्रेसवे पर कट मिलने से गरोठ-भानपुरा स्थित आरोग्य धाम मां दुधाखेड़ी माताजी मंदिर तक पहुंचना आसान हो जाएगा। सातलखेड़ी से मंदिर की दूरी करीब 7 किलोमीटर है। इस संबंध में स्थानीय विधायक चंद्रसिंह सिसोदिया ने भी केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर लिंक रोड की मांग की थी।
संतरा, सोयाबीन और उद्योगों को मिलेगा सीधा फायदा
भवानीमंडी क्षेत्र देश के प्रमुख संतरा उत्पादक इलाकों में नागपुर के बाद दूसरे नम्बर पर है। यहां का संतरा बांग्लादेश, नेपाल और भूटान तक निर्यात होता है। एक्सप्रेसवे से सीधा जुड़ाव होने पर परिवहन की लागत और समय दोनों कम होंगे। इसके अलावा सोयाबीन और धनिया उत्पादकों को भी बड़े बाजारों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। लिंक रोड बनने से क्षेत्र में नए लघु उद्योग स्थापित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। वहीं भवानीमंडी स्थित राजस्थान टेक्सटाइल मिल (RTM) को कच्चा माल मंगाने और तैयार उत्पाद देशभर में भेजने में भी बड़ी राहत मिलेगी।
एक्सप्रेस वे से लिंक की मंजूरी के बाद बालाजी चौराहा पर जश्न मनाते बीजेपी कार्यकर्ता व पदाधिकारी
एक्सप्रेस वे से जुड़ने की मंजूरी के बाद नगर भाजपा ने मनाया जश्न
केंद्रीय मंत्री की आधिकारिक घोषणा के बाद नगर भाजपा ने मंडल अध्यक्ष प्रदीप जैन की अगुवाई में बालाजी चौराहा पर धूमधाम से जश्न मनाया। ढोल नगाड़े व आतिशबाजी कर मिठाईयां बांटी। राजा दुष्यंत व महारानी वसुंधरा राजे जिंदाबाद के गगनभेदी नारे गूंजे। इस दौरान निवर्तमान पार्षद पिन्टू जायसवाल, सुगना गुर्जर, सुरेश जैन, पूर्व नपाध्यक्ष पिंकी गुर्जर, विनय पोरवाल, राजू मावा, अनवर खान आदि मौजूद रहे।



Post a Comment