भवानीमंडी नगर पालिका क्षेत्र में कुल 40 वार्ड हैं। पिछले कार्यकाल में यहां कांग्रेस का बोर्ड बना था और कांग्रेस के कैलाश बोहरा पालिकाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए थे। अब अध्यक्ष पद सामान्य घोषित होने के बाद आगामी चुनाव में सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए मुकाबला खुला रहने से राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
इधर, वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया 17 अगस्त को पूरी की जाएगी। जिले में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के वार्डों के आरक्षण के लिए अलग से लॉटरी निकाली जाएगी। यह प्रक्रिया जिला कलेक्टर स्तर पर संपन्न होगी, जिसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला आरक्षण के प्रावधानों के आधार पर विभिन्न वार्डों का निर्धारण किया जाएगा।
नगर निकाय चुनावों की तैयारियों के साथ अब राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की नजर 17 अगस्त को होने वाली वार्ड आरक्षण प्रक्रिया पर टिकी हुई है, क्योंकि इसी के आधार पर चुनावी रणनीति तय की जाएगी।

Post a Comment