कोटा में मनमानी बधाई राशि वसूलने पर होगी कानूनी कार्रवाई, 22 से अधिक धार्मिक-राजनीतिक संगठनों का समर्थन

कोटा | शादी-ब्याह, परिवार में बच्चे का जन्म या खुशी के मौके पर बधाई के नाम पर मनमाने रुपए नहीं वसूल सकेंगे। वसूली के लिए लोगों पर अनुचित दबाव बनाने और होने वाले झगड़ों को लेकर जनआंदोलन चलाया जा रहा है। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ की ओर से यह मुहिम चलाई जा रही है। इसके तहत अब मनमानी वसूली की शिकायत पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महासंघ के महामंत्री राजाराम जैन ने बताया- 12 मई को नदी पार क्षेत्र स्थित किन्नर प्रमुख इंदुबाई के आवास पर महासंघ और क्षेत्रीय किन्नर प्रमुखों की बातचीत हुई थी। इसमें तय हुआ था कि शहर में बधाई राशि संपन्न वर्ग के लिए 5,100 रुपए से अधिकतम 11,000 रुपए और सामान्य-मध्यम वर्ग के लिए 1,100 रुपए से अधिकतम 5,100 रुपए रहेगी। साथ ही किसी भी प्रकार की जबरदस्ती पर रोक लगाई गई थी। इसके बावजूद शहर के कई क्षेत्रों से आम लोग उत्पीड़न की शिकायतें कर रहे हैं।

वहीं महासंघ की इस मुहिम को 22 से अधिक संस्थाओं का समर्थन मिला है।

महासंघ के हेल्पलाइन नंबर पर आ रही शिकायतें

राजाराम जैन ने बताया- महासंघ के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर पर शहर के लोगों की ओर से जबरन वसूली की कई शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। जैन ने कहा- महासंघ के विधि सलाहकार के माध्यम से कोटा शहर के सभी किन्नर समूहों को जल्द आधिकारिक सूचना पत्र जारी किया जाएगा। इसके जरिए किन्नर प्रमुखों से उनके क्षेत्राधिकार, उनके अधीन कार्यरत सदस्यों की संख्या और क्षेत्राधिकार निर्धारण के समय से जुड़ी जानकारियां ली जाएंगी। शहर में असली के साथ-साथ नकली किन्नरों द्वारा भी वसूली की शिकायतें मिल रही हैं।

22 से अधिक संस्थाओं का मिला समर्थन

महासंघ की इस मुहिम को कोटा शहर में समर्थन मिल रहा है। अध्यात्मिक जगत से महामंडलेश्वर डॉ. हेमा सरस्वती महाराज, कुलम शक्ति पीठ पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर माताजी नीति अंबा और राजस्थान पुजारी सेवक महासंघ ने इस पहल का समर्थन किया है। वहीं राजनीतिक व प्रशासनिक स्तर पर भी जनप्रतिनिधि इस मुहिम से जुडे़ हैं।

उन्होंने बताया कि अगर किसी भी क्षेत्र में भी बधाई के नाम पर तय सीमा से अधिक राशि मांगी जाती है या अनैतिक दबाव बनाया जाता है तो महासंघ के हेल्पलाइन नंबर 98293-28525 पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post