भवानीमंडी । नगर में इंसानियत और जीवदया की एक मिसाल देखने को मिली। तीन दिनों से एक सूखे कुएं में फंसी बिल्ली को नगर पालिका की टीम ने सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। इस रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। भवानीमंडी में भेरू चौराहा के पास पत्रकार कपिल चौहान के मकान के पास एक सूखे कुएं में पिछले तीन दिनों से एक बिल्ली फंसी हुई थी। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर उसे निकालने के कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले की जानकारी मिलते ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शम्भूलाल मीणा को सूचना दी गई। उन्होंने तत्काल नगर पालिका की रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजते हुए बिल्ली को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए। नगर पालिका के ठेकेदार रामेश्वर मकवाना के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।अभियान के दौरान टीम के एक कार्मिक ने अपनी जान की परवाह किए बिना गहरे सूखे कुएं में उतरकर बिल्ली को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू सफल होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने टीम की सराहना की। इस अभियान में जितेंद्र हटवाल सुल्तानपुरा सहित पूरी रेस्क्यू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए इसे जीवदया और मानवता की मिसाल बताया।
जीवदया फाउंडेशन ने किया नपा अधिकारी व कर्मचारियों का स्वागत
जीवदया का काम करने के लिए जीवदया फाउंडेशन के कालूलाल सालेचा ने मुख्य नपा अशिकारी शम्भूलाल मीणा व कर्मचारियों का माल्यार्पण कर स्वागत सम्मान किया गया। इस दौरान गणेश सालेचा, फुलचंद वर्मा, शीतल जैन, अरुण तंवर सहित कई मौजूद रहे।

Post a Comment