कालीसिंध बांध ओवरफ्लो, चवली नदी उफान पर: बहते शिक्षक की जेसीबी से जान बची, गांव में प्रशासन अलर्ट

झालावाड़ | लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। रायपुर तहसील के खेजरपुर गांव में चवली नदी उफान पर आ गई, जबकि कालीसिंध बांध के ओवरफ्लो होने से आसपास के इलाकों में पानी का दबाव बढ़ गया है। कई नदी-नाले तेज बहाव के साथ बह रहे हैं और ग्रामीण मार्गों पर आवागमन प्रभावित हो गया है।

कालीसिंध बांध ओवरफ्लो, खेजरपुर में चवली नदी उफान पर

सोमवार सुबह रायपुर तहसील क्षेत्र में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश शुरू हुई। लगातार बारिश से चवली नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और खेजरपुर गांव के आसपास हालात गंभीर हो गए। वहीं शहर में सुबह करीब 9:45 बजे हल्की बारिश शुरू हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। रविवार देर रात भी लगभग दो घंटे तक अच्छी बारिश हुई थी।

बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी बहने लगा और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। तापमान में गिरावट से लोगों ने राहत महसूस की, जबकि काम पर जाने वालों और स्कूली बच्चों को हल्की परेशानी का सामना करना पड़ा।

तेज बहाव में बहे टीचर का जेसीबी से रेस्क्यू

भालता थाना क्षेत्र के बोरखेड़ी गुजरान तिराहे के पास पानी के तेज बहाव में एक युवक बह गया। सूचना मिलते ही थानाधिकारी रमेशसिंह मौके पर पहुंचे और नदी पुलिया पर काम कर रही जेसीबी मशीन मंगवाई। थानाधिकारी खुद जेसीबी के पंजे पर चढ़कर तेज बहाव में फंसे युवक तक पहुंचे और उसका हाथ पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाला।

बचाए गए युवक की पहचान बंकट कुमार (30) पुत्र मोहनलाल निवासी बिन्दाखेड़ा के रूप में हुई है, जो राजकीय स्कूल घाटोली में शिक्षक हैं। उनकी बाइक पानी में बह गई।

कचराखेड़ी स्कूल में फंसे बच्चों और स्टाफ का बचाव

रायपुर क्षेत्र के कचराखेड़ी गांव में भारी बारिश के कारण पूरे गांव में पानी भर गया। गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बच्चे और स्टाफ फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस, एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने रस्सियों की मदद से सभी बच्चों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू अभियान के दौरान कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और एसपी अमित कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पटवारी अरविंद कुमार मीणा ने बताया कि सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। स्कूल के पास बना छोटा नाला अचानक उफान पर आने से हालात बिगड़ गए थे।

नदी-नाले उफान पर, संपर्क मार्ग प्रभावित

लगातार बारिश से रायपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं। कई ग्रामीण मार्गों पर पानी बहने से संपर्क टूट गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

मानसून की अनियमित बारिश से चिंतित किसान अब राहत महसूस कर रहे हैं। भारतीय किसान संघ के जिला प्रचार प्रमुख महेश मेहर और खेजरपुर निवासी किसान सत्यनारायण दांगी ने बताया कि वर्तमान बारिश खरीफ फसलों के लिए संजीवनी साबित होगी। इससे खेतों में नमी बढ़ेगी और आगामी फसलों के लिए जलसंचय बेहतर होगा।

कलेक्टर ने जारी की विशेष अपील

जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने भारी बारिश को देखते हुए नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने नदी-नालों, रपटों और पुलियाओं से दूर रहने तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करने को कहा है। रविवार शाम से मनोहरथाना, अकलेरा, खानपुर, पिड़ावा और सुनेल तहसीलों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। मध्यप्रदेश सीमा से लगे इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post