जैसलमेर-श्रीगंगानगर में बारिश, कई जिलों में सर्द हवा से तापमान गिरा

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से शुक्रवार सुबह श्रीगंगानगर, जैसलमेर जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। वहीं, जयपुर सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में दो दिन से बादल छाए हुए है। ठंडी हवा के कारण दिन के तापमान में भी एक-दो डिग्री की गिरावट हुई है।

वहीं, मौसम विभाग ने आज भी 10 जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार (27 फरवरी) को भी चूरू, गंगानगर के कुछ एरिया में इस सिस्टम के असर से हल्की बारिश हुई। बादल छाने और बारिश होने से कई शहरों में दिन के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई।

पिछले 24 घंटे में श्रीगंगानगर में 2.2MM और चूरू के एरिया में 1MM से भी कम बारिश हुई। इनके अलावा गंगानगर, बीकानेर, सीकर, जयपुर, नागौर, जैसलमेर, जोधपुर, अजमेर, दौसा, भरतपुर, अलवर, झुंझुनूं, जोधपुर, पाली, बाड़मेर और कोटा संभाग के जिलों में बादल छाए। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में कल देर शाम को तेज हवा भी चली।

35 डिग्री के करीब दिन का तापमान

मौसम के इस बदलाव से कल बाड़मेर में अधिकतम तापमान 31.6, जैसलमेर में 30.5, जोधपुर में 32.4, बीकानेर में 27.4, चूरू में 27.8, गंगानगर में 22.1, पिलानी में 24, अजमेर में 32.3, कोटा में 34.9 और उदयपुर में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

राजधानी जयपुर में कल दिनभर आसमान में बादल छाए, जिससे हल्की गर्मी और उमस जैसा मौसम रहा। जयपुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


आज इन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, अलवर, दौसा और भरतपुर जिलों में 30 से 40KM प्रतिघंटा की स्पीड से तेज हवा चलने की संभावना व्यक्त की है। केंद्र ने इन जिलों में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की है।

1 मार्च को इस सिस्टम का असर पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में दोपहर तक आंशिक तौर पर रह सकता है। 2 मार्च से प्रदेश में एक बार फिर मौसम शुष्क होगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post